दूब - पुष्पिता

पुष्पितापुष्पिता14 Sept 1960

5 min read · 12.4K reads

दूब की कोमल नोकें
चलते हुए पाँव में
लिखती हैं
अपने छोटी होने की
बड़ी कहानी।

पाँव ने रची हैं पगडंडियाँ
पगडंडियाँ पकड़कर
पाँव पहुँचते हैं रास्ते तक
चलते हुए पाँव बतियाते हैं रास्तों से
बिछी हुई दूब पूछती है
तलवों का हाल
और पोंछती है माटी।

दूब की हरी नोक की कलम
तलवों की स्लेट पर
लिखती हैं
माटी के तन भीतर
हरियाला मन।

उड़ते हुए पक्षी की
परछाईं से खेलती है दूब
रात-दिन
धूप
थककर विश्राम करती है
दूब की सेज पर।

चाँदनी करती है
रुपहला श्रृंगार
और ओस बुझाती है
दूब की प्यास
थके हुए पाँव को
देती है विश्राम
बेघरों को देती है
घर का रास्ता
और भटके हुओं को पथ
और रात का बसेरा
दूब
अनाथ बच्चों का है
पालना और
खेल का मैदान।

दूब
पृथ्वी पर
जहाँ भी उगी है
जमी है
और चलते हुए
पाँव में लिखती है
अपने छोटे होने की
बड़ी कहानी।
पुष्पिता
About the poet

पुष्पिता

View profile & all 196 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like