बंगाली बाबा (3) - पुष्पेन्द्र फाल्गुन

पुष्पेन्द्र फाल्गुनपुष्पेन्द्र फाल्गुन13 Sept 1974

3 min read · 12.4K reads


कनपटी पर
चिपके बालों से टपकता ठंडा पानी
हाफ पैंट के भीतर सुरसुरी पैदा करता है
और मैं बाएं हथेली में काजल से बनाए गए गोल परदे पर
हर बार गंगा को देखने से वंचित रह जाता हूँ

बाबा ताकीद करते हैं पिता से
लड़का चंचल है संभालो इसे
इसके पहले की देर हो
पिताजी का एक झन्नाटेदार तमाचा
पता नहीं कैसे सुखा देता है मेरे कनपटी पर का पानी

अगली सुबह
पगुराती गंगा के सामने खड़ा कर मुझे
अम्मा मेरे शरीर पर फिराती हैं बंद मुट्ठी
आख़िरी फेरे के बाद वह खोलती हैं
अपना हाथ बाबा के सामने
बाबा
अम्मा की मुट्ठी से उठाते हैं सिर्फ पांच का नोट
और चिल्लर तमाम
पुष्पेन्द्र फाल्गुन
About the poet

पुष्पेन्द्र फाल्गुन

View profile & all 15 Poems / Stories