सुअवसर की प्रतीक्षा

Purnima Burmanपूर्णिमा वर्मन

3 min read · 12.7K reads

दादी कहती थीं- "तीन सुजन जब मिलें जगत में स्वर्ग बसे तब धरती पर..."
"तीन सुजन कौन दादी?"- पोती पूछती थी।
दादी कहती थीं- "एक मौसम बारिश का, दूजी भीगी हवा और तीजा पेड़ पारिजात का।"
"अच्छा तो स्वर्ग कैसे बसता था धरती पर?"

"लो सुनो,
और शुरू होती दादी की कहानी- "एक था मौसम बारिश का, एक थी हवा भीगी-सी और एक था पेड़ पारिजात का। पारिजात वही, जिसे हरसिंगार कहते हैं। केसरिया वृंतों पर सजी श्वेत पंखुड़ियों वाले उस पेड़ को प्रतीक्षा रहती बारिश के मौसम की, मौसम को प्रतीक्षा रहती भीगी हवा की और हवा को प्रतीक्षा रहती केसरिया वृंतों और श्वेत पंखुड़ियों वाले उन नन्हें फूलों की। जब वे तीनों साथ होते तो पेड़ जी भर खिलता, हवा सुगंधित हो उठती और धरा रंगीन। घर में स्वर्ग बस जाता। बाकी मौसमों में पेड़ अपनी हरी पत्तियों के साथ चुपचाप खड़ा रहता"।

"चुपचाप क्यों खड़ा रहता पेड़?"- पोती पूछती
"प्रतीक्षा में बिटिया, सुनो तो-
स्वर्ग-से घर ने एक दिन पूछा, पारिजात! शरद ऋतु के आते ही तुम खिलने क्यों लगते हो, भीगी हवा में सुगंध क्यों भर देते हो? आखिर साल भर की प्रतीक्षा के बाद तो तुम्हें फूल मिलते हैं फिर तुम उन्हें बिखरा क्यों देते हो?
दूसरे दिन फिर से इतने सारे फूल कहाँ से लाते हो? और मौसम के जाते ही शांत क्यों हो जाते हो। काश तुम साल भर खिलो और मैं हर दिन स्वर्ग सा सुंदर दिखूँ।

"पारिजात ने कहा- फूल और सुगंध बिखराना मेरा स्वभाव है। अपने स्वभाव वालों से ही तो दोस्ती होती है। देखो वर्षा की ऋतु पानी की बूँदें लाकर बिखरा देती है जिससे पृथ्वी पर जीवन का संचार होता है, भीगी हवा हर सुगंध को दूर दूर तक पहुँचाती है। एक सा स्वभाव होने के कारण हम बरसों से मित्र हैं। मैं साल भर मिलन के इस सुअवसर की प्रतीक्षा करता हूँ। शांति से सुअवसर की प्रतीक्षा करने का फल मीठा होता है न?

"जब बारिश का मौसम भीगी हवा के साथ आता है तो उनसे मिलने की खुशी में मैं फूला नहीं समाता। हर रात खिलता हूँ, भीगी हवा मेरी सुगंध दूर दूर तक पहुँचा देती है। सुबह होते ही मैं वर्षा की बूँदों की तरह बिखर जाता हूँ। अपनों के साथ की खुशी मुझे हर रात फूलों से भर देती है। उनके जाते ही मैं शांति से फिर प्रतीक्षा में लग जाता हूँ।"

पता नहीं पोती को कुछ समझ में आया या नहीं, पर घर को पता चल गया कि छोटे से सुअवसर के लिये कितनी लंबी प्रतीक्षा करनी होती है। और एक ही स्वभाव वाले तीन सुजन मिल कर किस तरह जगत को स्वर्ग बना देते हैं।"
फिर अंत में दादी बोलीं,
"तीन सुजन जब मिलें जगत में स्वर्ग बसे तब धरती पर
खुशियों के दिन कभी न बीतें कभी न जाएँ सुअवसर !"

१८ जून २०१२

 

Purnima Burman
About the poet

Purnima Burman पूर्णिमा वर्मन

पूर्णिमा वर्मन (जन्म २७ जून १९५५, पीलीभीत, उत्तर प्रदेश), जाल-पत्रिका अभिव्यक्ति और अनुभूति की संपादक है। पत्रकार के रूप में अपना कार्यजीवन प्रारंभ करने वाली पूर्णिमा का नाम वेब पर हिंदी की स्थापना करने वालों में अग्रगण्य है। उन्होंने प्रवासी तथा विदेशी हिंदी…

View profile & all 10 Poems / Stories

More from Purnima Burman

  1. एक शहर जादू जादू

    यह कहानी आज की नहीं है। बीस साल पहले की है। एक तो बीस साल बाद - इन शब्दों में ही जादू है और फिर बीस साल का लंबा समय तो किसी भी कहानी को तिलिस्मी बना सकता है। कहानी जब बीस साल पुरानी होती है, उसमें से एक नशा उड़ना शुरू होता है, धुआँ धुआँ सा जैसे हुक्के का झीना बादल.. और हल्की नशीली गुड़गुड़ाहट की ध्वनि में घुलती हुई मीठी-सी रूमानी गंध जो नथुने पार कर दिमाग की नसों तक पहुँचती है। यह नशा सच से जादू की दुनिया में ले जाता है। वैसे भी सच और जादू में दूरी ही कितनी होती है जादू में प्रवेश करने का माहौल होना चाहिये... जो आपको हर तरफ से घेर ले उसको एकाग्र कर दे एक जादुई दुनिया में विचरने के लिये।समय बदलता है तो परिवेश बदलते हैं और शहर भी बदल जाते हैं। लेकिन कभी-कभी स्मृतियों के जादू में शहर सदा वैसे ही जिंदा रहते हैं जैसे वे बीस साल पहले थे। यह कहानी भी ऐसे ही एक शहर की है। शहर का नाम- जयपुर। एक राजा, एक रानी... बीस साल पहले...

    12.7K reads
  2. उड़ान

    अल्बर्ट अबेला से कॉफी लेकर जब साक्षी क्लास में पहुँची तब पहले ग्रुप के प्रेज़ेंटेशन का अंत होने को था। यानी कॉफ़ी आराम से ख़त्म की जा सकती थी। मैम आना गवासा की ओर हल्की सी गुड मार्निंग उड़ाकर वह अपने व्याख्यान को मन ही मन दोहराने लगी। सामने वाले दूसरे छोटे ऑडिटोरियम में सहर मसूद अपने लैपटॉप को प्रोजेक्टर से जोड़ प्रेजेंटेशन की तैयारी में लग चुका था। साक्षी को देख उसने राहत की साँस ली।सब कुछ ठीक है ना? साक्षी ने पूछा।

    12.7K reads
  3. उसकी दीवाली

    नंदिता त्रिवेदी जब 'संस्कृति' पर पहुँची तब तक शोरूम खुल चुका था।संस्कृति यानि नंदिता त्रिवेदी का बुटीक जिसे वह पिछले दो सालों से चला रही है। सामने शोरूम है और पीछे है वर्कशॉप जहाँ कारीगर सिलाई और कढ़ाई का काम करते हैं।

    12.7K reads
  4. जड़ों से उखड़े

    दुबई हवाई अड्डे से शारजाह में अपने घर वाली बिल्डिंग तक पहुँचने में घड़ी देखकर १८ मिनट लगे थे। नेहा ज़रा चौंकी थी- इतनी जल्दी हम एक शहर से दूसरे शहर आ गए? उत्तर प्रदेश में तो एक गाँव भी पार नहीं होता इतनी देर में। हाँलाँकि बोली कुछ नहीं, सामान ऊपर पहुँचाना था, नाथूर सामान की ट्रॉली लिये खड़ा था, प्रकाश ने परिचय करवाया,यह है नदीम, इस बिल्डिंग का नाथूर, यानी केअर टेकर।'

    13.0K reads
  5. नमस्ते कौर्निश

    सुबह के छह बजे होंगे... योगिनी महाजन ने विला के मुख्यद्वार को बंद कर के एक बार चेक किया और रिमोट से कार का ताला खोला। हवा के हल्के से झोंके से विला के बाहर लगे गुलमोहर की डाल से बिछुड़ कर एक फूल विंडस्क्रीन से लुढ़कता हुआ बोनेट पर आ रुका। जाने क्या सोचकर योगिनी ने फूल को उठाया और कार का दरवाजा खोलकर डैशबोर्ड पर रख दिया। पर्स को पीछे की सीट पर रखा और सीट बेल्ट लगाकर कार स्टार्ट की। कार को गियर में डालने से पहले फूल को हाथ में लिया और एक एककर पंखुड़ियाँ अलग कीं-हशमत अंकल मिलेगें

    12.8K reads

More Poetry & Stories You May Like