इन दिनों - प्रेमशंकर रघुवंशी

प्रेमशंकर रघुवंशीप्रेमशंकर रघुवंशी8 Sept 1936 – 21 Sept 2016

5 min read · 12.4K reads

कविता लिखना
बहुत ही कठिन हो गया है इन दिनों
इन दिनों कविता में जीना तो
और भी कठिन है।
जब छीने जा रहे हों शब्दों के अर्थ
गिरफ्तार की जा रही हों भावनाएँ
सरे आम कत्ल हो रही हों कल्पनाएँ
तब प्यार को सहेजे रखना
बहुत ही कठिन हो गया है इन दिनों
इन दिनों प्यार में जीना तो
और भी कठिन है
जब विश्व सुंदरियों की आंगिक चेष्टाओं से
व्यापारिक संधियाँ तय होती हों
तय होती हों नए समीकरणों के ज़रिए
सांस्कृतिक परिणितियाँ
तब सौंदर्य को पीना
बहुत ही कठिन हो गया है इन दिनों
इन दिनों सौंदर्य में जीना तो
और भी कठिन है
बिना पूर्व प्रश्न के जब
उत्तर-आधुनिकता मुखर होने लगे
और पूँजी के रंग रोगन से
विश्व का नया नक्शा बनाया जाने लगे
तब मानव अधिकार की बातें करना
बहुत ही कठिन हो गया है इन दिनों
इन दिनों मानव अधिकार में जीना तो
और भी कठिन है
इन दिनों कविता न लिखकर
कविता को बचाये रखना
ज़रूरी है
ज़रूरी है, आदमी की उम्मीदों को
बचाए रखना, इन दिनों।
प्रेमशंकर रघुवंशी
About the poet

प्रेमशंकर रघुवंशी

View profile & all 70 Poems / Stories