तेरे जाने पे भी आँखों में वो पल ज़िन्दा है - प्रेमरंजन अनिमेष

प्रेमरंजन अनिमेषप्रेमरंजन अनिमेष

4 min read · 12.4K reads

जगजीत सिंह के जाने के बाद

तेरे जाने पे भी आँखों में वो पल ज़िन्दा है
तेरी आवाज़ में हर एक ग़ज़ल ज़िन्दा है

कब फ़ना होते हैं जो लोग दिलों में जीते
ख़ाक बस ख़ाक में लौटी है असल ज़िन्दा है

आँखें हैं जिनसे कि बच्चे की किलक झाँके है
और हँसी में वही मासूम-सा कल ज़िन्दा है

वक़्त के आगे क्या औक़ात किसी पत्थर की
ये मुहब्बत ही है जो ताजमहल ज़िन्दा है

हों भरी पलकें रहे दिल में हरा कुछ हरदम
इनके चलते ही तो ख़्वाबों की फ़सल ज़िन्दा है

उम्र कटने को तो कुछ ऐसे भी कट जाएगी
दफ़न हम ख़ुद में कहीं अपना बदल ज़िन्दा है

ज़िन्दगी मौत से हारी न कभी हारेगी
उसकी ये दरियादिली है कि अज़ल ज़िन्दा है

एक बस तेरी कमी है चले आओ अनिमेष
देख तो कितनी यहाँ चहल-पहल जिन्दा है
प्रेमरंजन अनिमेष
About the poet

प्रेमरंजन अनिमेष

View profile & all 61 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like