संकल्प - प्रेमरंजन अनिमेष

प्रेमरंजन अनिमेषप्रेमरंजन अनिमेष

5 min read · 12.4K reads

तुम ज़िन्दगी हो मेरी
तुम्हारे साथ अभी
बहुत कुछ करना है

जोड़ने हैं सेतु नए
गाँठनी है नाव
पथ्य पन्थ का पकाना
फेंट धूप छाँव

हाथों में हाथ होंठ होंठों पे धरना है

चलतीं नदियाँ कहीं
पुकारते पहाड़ ये
हाँकता भीतर भरा
गुबार ये उजाड़ ये

भूलना किसी को क्‍यों सभी में बिसरना है

कितना कुछ बाक़ी है
कितना कुछ छूटा है
बून्द-बून्द रीत रहा
तन का घट फूटा है

जितनी हैं बवाइयाँ नेह वहाँ भरना है

पोंछनी है आँख हर इक
और सहेजनी हँसी
सत्तू में सान नमक
जैसी यह तनिक ख़ुशी

काण्टों से चोटों से और भी निखरना है

अपनों से मिलना है
सपनों को लिखना है
दुनिया को लखना है
दुनिया को दिखना है

रात के समन्दर में डूब कर उभरना है

कहा नहीं किया नहीं
जो मन में गुन आया
साज छूट टूट गए
साथ था जिन्हें लाया

एक इसी जीवन में जीकर सब मरना है...
प्रेमरंजन अनिमेष
About the poet

प्रेमरंजन अनिमेष

View profile & all 61 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like