इतने पे छोड़ जा कि किनारा दिखाई दे - प्रेमरंजन अनिमेष

प्रेमरंजन अनिमेषप्रेमरंजन अनिमेष

4 min read · 12.4K reads

इतने पे छोड़ जा कि किनारा दिखाई दे
जब रात हो तो राह का तारा दिखाई दे

इक सच्ची आशिक़ी की ये दुनिया मिसाल है
फिर कैसे इसको जिसने सँवारा दिखाई दे

दिल घर ही ऐसा है कोई पहरे दे कितने ही
खिड़की कहीं खुले तो ये सारा दिखाई दे

निकला है चाँद जो उसे भर लो निगाह में
क्या ठीक है कि कल वो दुबारा दिखाई दे

ठिठकी रहीं इक उम्र तलक कितनी कश्तियाँ
कब उस तरफ़ से कोई इशारा दिखाई दे

दिल जानता है अब नहीं वो पहले जैसी बात
पर दूसरों को क्यों ये नज़ारा दिखाई दे

धोखा बहुत बड़ा हुआ है कोई समझना
कहीं और गरचे अक्स हमारा दिखाई दे

पलकों पे होंठ रख के अज़ल ले के जाय जब
हर पल जो हमने साथ गुज़ारा दिखाई दे

आँखों की ये ख़राबी या अनिमेष और कुछ
पीने से पहले पानी ये खारा दिखाई दे
प्रेमरंजन अनिमेष
About the poet

प्रेमरंजन अनिमेष

View profile & all 61 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like