बहुत दिन हो गए - प्रतिभा सक्सेना

प्रतिभा सक्सेनाप्रतिभा सक्सेना9 Sept 1938

11 min read · 12.4K reads

बहुत दिन हो गए
नदिया बड़ी संयत रही है,
लहर के जाल में सब-कुछ समाए जा रही है .
कहीं कुछ शेष बच जाता, जमा बैठातलों में .

बहुत दिन से न जागा वेग,
मंथर वह रही बस,
प्रवाहित मौन-सी चुपचाप धारा,
समेटे जाल सारे, शान्त जल-तल में समाए .
कहीं बरसा न पानी,
हिम-शिखर पिघला न कोई.

समेटे क्यों नहीं पथ के विरोधों को
उमड़ने दो, बहुत दिन हो गए हैं.
सभी कुछ छोड़ बढ़ जाए
कहीं आगे-
कगारें तोड़ कर लहरें समेंटें सब, करें प्लावित!

बहुत दिन हो गए,
सब कुछ देखते- रहते,
बहुत दिन हो गए, यों एक सा बहते,
कहीं जो बाढ़ पानी में उमड़ आए .
नदी को बाँधना मत,
रोकना मत.
शाप है जल का
बहुत कुछ तोड़ जाएगा!
सभी कुछ टूट बिखरे
कुछ न छोड़ेगा ..बहा देगा!

तभी फिर देखना
तट-बंध सारे तोड़ते ढहते,
कि हाहाकार के स्वर वेग में बहते,
लगे प्रतिबंध सारे मोड़ते अपनी तरह
बस एक झटके से,
कगारों के बिना बढती नदी के वेग को चढते,
प्रलय का रूप धरने से कहो फिर कौन टोकेगा?
किसीमें दम कि चढ़ते पानियों का वेग रोकेगा.
किसी में दम उफनती बाढ़ का आवेग रोकेगा?.

बहुत दिन हो गए
चुपचाप है, बहती हुई भी शान्त संयत सी,
कि गहरी घूर्णियों में घट रहा क्या कौन जानेगा!
बहुत दिन हो गए ये तट नहीं भीगे.
लहर कोई बहा दे रेत के डूहे,
बराबर कर सतह इकसार कर डाले,
तलों में जमी तलछट
फिर निकल कर भूमि पर छाए,
जिन्हें कर चूर बिखराया विरोधों को,
सभी कुछ छोड़ बढ़ जाए,
कि वर्जित सीढ़ियाँ चढ़ते, ढहाते पुल
बढ़ी आगे चली जाए.
कि पानी, ढूँढ लेता राह अपनी
तोड़ बाधाएँ .

नदी के पाट मत देखो,
नदी के घाट मत रोको.
बहेगी मुक्त हो, प्रतिबंध तोड़ेगी,
प्रवाहों मे बहाती हरहराती, कुछ न छोड़ेगी .
अगर फिर तुल गई,
रुख धार मोड़ेगी.

युगों के बाद उन रीते कछारों को कभी देखो,
कभी नदिया रहे,
गहरे कगारों को जभी देखो-
किसी अन्याय का प्रतिफल समझ लेना,
नदी को दोष मत देना.

अभी तो शान्त बहने दो,
तरल-जल स्वच्छ रहने हो.
अनादर और मनमानी नहीं सह पायगी नदिया,
अगर समझो, इशारों में बहुत कह जायगी नदिया .
समुन्दर की तरफ हर राह नदिया की,
रुकेगी क्यों ?
बनाती रास्ता बढ़ जायगी नदिया.
बहुत दिन हो गए
प्रतिभा सक्सेना
About the poet

प्रतिभा सक्सेना

View profile & all 182 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like

उंगलियांसुबह सुबह स्कूल जाते एक बच्चे के साथ हैंदादी बनकर— प्रताप सोमवंशीपांवभले ही खड़ी हो पूरी देह इन परपूजने के बहुतेरे प्रतीक जुड़े हों पांवों के साथ— प्रताप सोमवंशीमुनव्वर राना के शेरअब जुदाई के सफ़र को मिरे आसान करोतुम मुझे ख़्वाब में आ कर न परेशान करो— मुनव्वर रानामहफ़िल में आज मर्सिया-ख़्वानी ही क्यूँ न होमहफ़िल में आज मर्सिया-ख़्वानी ही क्यूँ न होआँखों से बहने दीजिए पानी ही क्यूँ न हो— मुनव्वर रानानानी का चश्माआसमान में टिम टिमाती नानी हँसती होंगी हमारे बचपने पर।हाँ!— फ़रीद ख़ाँमाफ़ीसबसे पहले मैं माफ़ी माँगता हूँ हज़रत हौव्वा से।मैंने ही अफ़वाह उड़ाई थी कि उस ने आदम को बहकाया था— फ़रीद ख़ाँ