दोस्त - प्रमोद कुमार तिवारी

प्रमोद कुमार तिवारीप्रमोद कुमार तिवारी21 Sept 1976

9 min read · 12.4K reads

लंबे अरसे बाद
दोस्त बैठा है सामने
वही दोस्त जिसके साथ होने पर
समय बन जाता था
गौरैया
वही जिसके साथ के लिए
जाने कितनी बार फाँदी थी चहारदीवारी
जिसके लिए तोड़ दिया था दीदी का गुल्लक
वह बैठा है सामने
और समय है कि पसरा हुआ है
मँड़िया मारे भैंस की तरह
मैं ढ़ूँढे जा रहा हूँ बात
कि घर, पत्नी, बच्चे और गाँव के हाल के बाद
अब और क्या पूछूँ
उसके पसीने की दुर्गंध से बेहाल
इशारों में तीन बार दे चुका हूँ
नहाने की सलाह
पर वह है कि सफर की थकान उतारने की
कोई जल्दी नहीं उसे
जी जान से लगा है वह
15 वर्षों के इतिहास को
कुछ घंटों के संदूक में समोने में।
वह तो बस खूब सारा बतिया लेना चाहता है
भोंपू जैसी आवाज में
मैं और धीरे बोलता हूँ
पर उसकी आवाज उल्टे बढ़ती जाती है
वह बताए जा रहा है
कि इस साल फिर बँसवारी में
कोई फेंक गया है नवजात बच्ची को
कि नौकरी खोज-खोज के हताश
हम सब के मास्टर साहब
काम करने लगे हैं दारू के ठेके पर।
तन्मयता के साथ, एक आँख दबाकर
बता रहा है कि कैसे उसने
सेठ को पिछले तीन महीनों में
चार सौ का चूना लगाया है
और पगार के चौबीस सौ के बदले
गढ़ लिया है अट्ठाइस सौ रुपए
मैं बिलकुल नहीं कहता कि
कानूनन इस काम के बारह हजार मिलने चाहिए।
हाथ जोड़ के प्रार्थना कर रहा है भगवान से
अपने धर्मात्मा मालिक के लिए
जो शहर में मुफ्त पढ़ा रहे हैं उसके बेटे को
जब्त कर लेता हूँ खुद को यह कहने से
कि उसकी मजदूरी के हजारों रुपए
बचाने का बहाना है ये।
जग्गूराम की सुंदर पतोहू से लेकर
हमारे खेलने के चौपाल तक पर
कब्जे की सारी कहानी
सुना रहा है दोस्त
धीरे-धीरे बढ़ती जा रही है मेरी खीज
और बेचैनी
दिमाग लगातार ढूँढ़ रहा है
उससे मुक्ति का उपाय
बोले जा रहा है दोस्त
पर नहीं सुनाई पड़ रही उसकी आवाज
समझ में नहीं आ रहा
किसे कोसूँ
खुद को
या उस समय को
जिसे दोस्त अब भी समझ रहा है
गौरैया।
प्रमोद कुमार तिवारी
About the poet

प्रमोद कुमार तिवारी

View profile & all 44 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like