चुप्पी - प्रज्ञा पाण्डेय

प्रज्ञा पाण्डेयप्रज्ञा पाण्डेय30 Sept 1962

5 min read · 12.4K reads

ब्रह्माण्ड में बैठी है
जो चुप्पी
इसे आप नहीं जानते
यह बोलती तो है
पर
अपनी आवाज़ में

जैसे बच्ची
जब मारी गई हो
भ्रूण में ।
कि उसकी आवाज़ भरती है
गर्भ का
ओर-छोर !

ठीक दोपहर
यह चुप्पी
आ खड़ी होती है चौपाल में
धूप लू की तरह
बरसती है
ताबड़तोड़
करती है
लहू लुहान
मारती है
जाने कितनों को
बिना हर्फों की ये जुबान!

ये चुप्पी जमती जाती है शिराओं में
जैसे
हाशिये पर
रुक जाता है वक़्त
इस चुप्पी की खातिर
लोग गंगा में नहाते हैं
क़ि शायद
धुल ही जाए गर्भ का खून

पर वह धुलता नहीं
किसी तरह
चुप्पी बनाती जाती है
सन्नाटों के चक्रव्यूह !
चक्रव्यूहों के चक्रव्यूह !

इस चुप्पी को पीसता है
खेत में खडा बिजूका
जो आँधियों में
गिर गया है लगता!
चुप्पी तो साधती है मौन
और होती है युद्ध रत
निरंतर !

चुप्पी आत्महंता की
होती है खतरनाक
कहती है पूरी बात
करती है पूरा घात !
प्रज्ञा पाण्डेय
About the poet

प्रज्ञा पाण्डेय

View profile & all 6 Poems / Stories