पानी की तरह कम तुम - प्रभात

प्रभातप्रभात

5 min read · 12.4K reads

मैं तुम्हें मेरे लिए पानी की तरह कम होते देख रहा हूँ

मेरे गेहूँ की जड़ों के लिए तुम्हारा कम पड़ जाना
मेरी चिड़ियों के नहाने के लिए तुम्हारा कम पड़ जाना
मेरे पानी माँगते राहगीर के लिए तुम्हारा ग़ायब हो जाना
मेरे बैल का तुम्हारे पोखर पर आकर सूनी आँखों से इधर-उधर झाँकना
मेरी आटा गूंधती स्त्री के घड़े में तुम्हारा नीचे सरक जाना

तुम्हारे व्यवहार में मैं यह सब होते देख रहा हूँ

लगातार कम होते पानी की तरह
मैं तुम्हें मेरे लिए कम होते देख रहा हूँ

पानी रहित हो रहे इलाकों की तरह
मैं पूछ भी नहीं पा रहा हूँ
क्यों हो रहा है ऐसा ?
पानी तुम क्यों कर रहे हो ऐसा ?

पानी चला गया तो नदी किसके पास गई कुछ कहने
वैसी नदी की तरह लीन हूँ मैं अपने में

नदी के बहाव की सूखी रेत में सुदूर तक फैले आक की तरह
अभी भी तुम्हारी याद का हरा बचा हुआ मुझ में
प्रभात
About the poet

प्रभात

View profile & all 64 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like