अधिक प्रिय वज़ह - प्रभात

प्रभातप्रभात

6 min read · 12.4K reads

शरीर में दिल है
सो धड़कता है
मगर इन दिनों
वज़ह दूसरी है

धरती पर कोई है
जिसके होने की आहट से
यह धड़कने लगता है

क्या अब ऐसा होगा
कि शरीर न हो तो भी चलेगा
दिल अब किसी दूसरी
और शरीर से कुछ अधिक प्रिय वज़ह से धड़केगा

मैं अपने भीतर
और अपने से बाहर
और अपने आप ही
एक घोंसला बुनने लगा हूँ
जिसमें यह दूसरी वज़ह से धड़कने वाला दिल
और इसके धड़कने की वज़ह
दोनों महफू़ज़ रह सकें

मैं घोंसला बुन रहा हूं यह जानते हुए भी
कि घोंसलों को आँधियाँ बखेर देती हैं

आज यह पूरे दिन उसी दूसरी वज़ह से धड़कता रहा है
शरीर का इसने पानी भी नहीं पिया है

डर भी रहा हूँ कि कल को यह दूसरी वज़ह
रूठ जाए तो क्या होगा इस नाज़ुक का
शरीर में यह लौट नहीं पाएगा
बाहर यह बच नहीं पाएगा

स्मृतियाँ रह जाएँगी केवल

स्मृतियाँ जो जिन वज़हों के लिए बनती हैं
उन वज़हों के मिटने पर बनती हैं

यही वज़ह है शायद
सबसे मीठी स्मृतियों का रंग
सबसे ज़्यादा उदास होता है

देखो उदासी के उस रंग ने
कितना अपने में डुबो लिया है उस दिल को
जिसका धड़कना शुरू होना
दो दिन पहले की बात है
प्रभात
About the poet

प्रभात

View profile & all 64 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like