शामुका के लिए एक कविता - प्रभात त्रिपाठी

प्रभात त्रिपाठीप्रभात त्रिपाठी

4 min read · 12.4K reads


नवजात की नींद में लरजते सपनों की ओर
ले चलो
ले चलो उसकी बेआवाज़ खिलखिल के
नन्हें अधरों से लिपटते विस्मय में
वहीं मिलेगी कामना की नर्म धूप में नहाती
वह गुमशुदा साँवरी

उसी कोमल किसलय के बाजू से
पूजा के दिए की लौ की उजास में
तुम फिर से देख पाओगे
अपनी बूढ़ी आँखों में काँपती सुबह
यक़ीन के इस आदिम अनाकार में
आज की बर्बर रफ़्तार के बावजूद
तुम बार-बार लौटोगे स्मृति की गलियों में

और जब अकस्मात् दौड़ते लहू की पुकार पर
दौड़ोगे अपने खेल के मैदान में
तो पथराते अंगों की अचलता में
अवतरित होगी वही गुमशुदा साँवरी

दौड़ेगी तुम्हारे साथ
अपने हाथ में तुम्हारा हाथ लिए
दौड़ेगी और दौड़ाएगी तुम्हें
इहलोक के घमासान से
उस लोक के सुनसान तक
प्रभात त्रिपाठी
About the poet

प्रभात त्रिपाठी

View profile & all 24 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like