अँगूठा - पवन करण

पवन करणपवन करण18 Sept 1964

4 min read · 12.4K reads

हाथों की उँगलियों के सहारे हमेशा
नोटों की गिनती करते रहना
अँगूठे की यह आदत मुझे कतई पसंद नहीं
मुझे पसंद नहीं कि कोई इसको

मानव इतिहास की किसी
महान संघर्ष-गाथा के
किसी महानायक का
उठा हुआ अँगूठा कहकर करे प्रदर्शित

आँखों के सामने बार-बार
आ खड़ा होता
यह चमकदार छद्म
मुझसे अब और नहीं होता सहन

गुस्से में तनती हुई मुट्ठी को
विकलाँग बनाता
यह उठा हुआ अँगूठा
किसी की पहचान नहीं हो सकता

क्षत-विक्षत उँगलियाँ ही नहीं
उन अँगूठों को तो इतिहास भी
अपना नहीं मानता

जो सारी दुनिया की एक जैसी बहियों के
ब्याज चढ़ते पन्नों से आकर बाहर
साहूकारों की काली दुनिया के ख़िलाफ़

कुछ नहीं कहते
और वहाँ गुर्राते हुए राष्ट्राध्यक्ष के आगे
कुछ मिमियाते हुए राष्ट्राध्यक्ष
इसे काग़ज़ पर बिना सोचे लगा रहे हैं
पवन करण
About the poet

पवन करण

View profile & all 69 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like