शिकस्ता सिपर - नज़्म

परवीन शीरपरवीन शीर

1 min read · 12.4K reads

मेहरबाँ नाज़ुक रिदाओं की तहों में

नर्म बाहोँ की पनाहों में है रक़्साँ ये ज़मीं

वो इक सिपर बन कर

झुलसने से बचा लेती हैं उस को

नग़्मा-गर सैक़ल फ़ज़ाएँ

सब्ज़ रेशम की क़बा पहने ज़मीं

हाथों में थामे नस्तरन नर्गिस समन

नाज़ुक तहों में

ज़िंदगी है किस क़दर महफ़ूज़ लेकिन.......

लहज़ा लहज़ा हर परत मादूम होती जा रही है!

एक दिन जब आख़िरी तह की सिपर होगी शिकस्ता

मेहरबाँ ओज़ोन(Ozone) की चादर में लिपटी

ये ज़मीं जब बे-क़बा हो जाएगी तो

अर्ग़वानी आग मोहलिक उँगलियों से

उस की शादाबी को अपनी आँच में झुल्साएगी और

ये धुआँ बन कर ख़लाओं में उड़ेगी......!

परवीन शीर
About the poet

परवीन शीर

मूल नाम : परवीन शीर LCCN : nb2007014187

View profile & all 11 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like