असली हत्यारे - पराग पावन

पराग पावनपराग पावन

7 min read · 12.4K reads

असली हत्यारे बन्दूक़ की असमर्थताओं को जानते हैं
वे पहचानते हैं तलवार की सीमाओं को
असली हत्यारे शब्दों से क़त्ल का काम लेते हैं

असली हत्यारे परिणाम में नहीं प्रक्रिया में शामिल हैं

वे मरघट के मुहाने पर सम्भोग के गीत बेच रहे हैं
भीषण बारिश के मौसम में
छतरियों को बदनाम कर रहे हैं
असली हत्यारे महफ़िल के केन्द्र में बैठे हुए
महफ़िल के केन्द्र को गाली दे रहे हैं
कि महफ़िल का केन्द्र सलामत रहे उनकी परम्परा के लिए

चाक़ू की निन्दा करने का काम
और कच्चे लोहे की दुकान खोलने का काम
वे समान भोली मुस्कान के साथ करते चले जा रहे हैं

असली हत्यारे आपकी बग़ल में खड़े होकर चाय पी रहे हैं
और चाय के ख़ून से महँगा होने की शिकायत कर रहे हैं

असली हत्यारों की उम्र हज़ार साल है
वे धर्मग्रन्थों की ओट में बैठे हैं
वे आत्मा नहीं आत्मा की परिभाषा हैं
हवा उन्हें सुखा नहीं सकती
आग जला नहीं सकती
पानी भिगो नहीं सकता

असली हत्यारे पुस्तकालय जाते हैं
संसद जाते हैं
दोस्त की दावत और टेलीविज़न से लौटते हैं
और सो जाते हैं
असली हत्यारे सोने से पहले याद दिलाना नहीं भूलते
कि सब कुछ अच्छा चल रहा है

असली हत्यारे बाँस बोते हैं
उस बाँस से सबसे उम्दा क़िस्म की लाठी
और सबसे निकृष्ट क़िस्म की बाँसुरी बनाते हैं

असली हत्यारों की शिनाख़्त करनी हो
तो उपसंहार तक कभी मत जाना
असली हत्यारे भूमिका में अपना काम कर चुके होते हैं ।
पराग पावन
About the poet

पराग पावन

View profile & all 21 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like