छीन लेगी नेकियाँ... - ओमप्रकाश यती

ओमप्रकाश यतीओमप्रकाश यती3 Sept 1959

3 min read · 12.4K reads



छीन लेगी नेकियाँ ईमान को ले जाएगी
भूख दौलत की कहाँ इंसान को ले जाएगी

आधुनिकता की हवा अब तेज़ आँधी बन गई
सोचता हूँ किस तरफ़ संतान को ले जाएगी

शहर की आहट दिखाएगी हमें सड़कें नई
फिर हमारे खेत को, खलिहान को ले जाएगी

बेचकर गुर्दे, असीमित धन कमाने की हवस
किस जगह इस दूसरे भगवान को ले जाएगी

सिन्धु हो,सुरसा हो,कुछ हो किन्तु इच्छाशक्ति तो
हैं जहाँ सीता वहाँ हनुमान को ले जाएगी

गाँव की बोली तुझे शर्मिंदगी देने लगी
ये बनावट ही तेरी पहचान को ले जाएगी


ओमप्रकाश यती
About the poet

ओमप्रकाश यती

View profile & all 62 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like