भोग स्वीकार - ओमप्रकाश चतुर्वेदी पराग

ओमप्रकाश चतुर्वेदी परागओमप्रकाश चतुर्वेदी पराग4 Sept 1933

6 min read · 12.4K reads


तुम मुझसे तब मिली सुनयने

अर्थ मिलन के बदल गये जब !

मैं तब तुम्हें चुराने पहुँचा

सब रखवाले सँभल गये जब !!



करता था जब सूर्य चिरौरी, लेता चन्द्रमा बलाएँ

साँसों में चन्दन, कपूर था, अधरों पर मादक कविताएँ

तब तुम जाने कहाँ बसी थीं, जाने और कहाँ उलझी थीं

दुनिया झुम रही थी जिन पर, तुमने वे देखी न अदाएँ

आँगन ने तब मुझे पुकारा

पाँव द्वार से निकल गये जब !




अब जब बिखर गईं सौगातें, अब जब बहुत बढ़ गई दूरी

जीवन-वन में भटक रहा हूँ, हिरण खोजता ज्यों कस्तूरी

प्राण देह में यूँ अकुलाते जैसे नागफनी पर शबनम

तन को हवनकुंड कर डाला, मन की बेल रही अंगूरी

कैसे आत्म-नियंत्रण होता

अवयव सारे मचल गये जब !!



हवस बहुत है, साघन कम हैं, रहीं अतृप्त अधम इच्छाएँ

इंद्रधनुष उस पार उगा है, हैं इस तट पर घोर घटाएँ

मैंने चाहा बहुत मोड़ दूँ जीवन-सरिता के बहाव को

वश न चला कुछ, धँसी हुई थीं हस्त-लकीरों में कुंठाएँ

मैंने खुद़ को तब पहचाना

दर्पण सारे दहल गये जब !!
ओमप्रकाश चतुर्वेदी पराग
About the poet

ओमप्रकाश चतुर्वेदी पराग

View profile & all 45 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like