आज सुबह-सुबह
जिन भी फूलों ने खोली अपनी पलकें
उन फूलों ने मुस्कुराना
तुम्हीं से सीखा होगा प्रिये!
आज सुबह-सुबह
पूरब दिशा से निकला जो सूरज
उसकी मुलायम किरणों ने
छुआ देह को
इस छुअन में तुम्हारे स्पर्श की
सिहरन
पोरों से लिखे हो जैसे तुम्हीं ने
अढ़ाई आखर प्रिये!
आज सुबह-सुबह
ही लगे थे मुझ परी के पंख
यह प्रेम है या कोई जादू की छड़ी
पलकों के पट लगाती
कि अनजान दस्तक की अनुगूँज
कोई सरगम
जिसे दरकार हो किसी लंबे आलाप की
प्यार का कोई भी नग़मा
गुनगुनाओ न प्रिये!
आज सुबह-सुबह
ही बिसर गया तुम्हें देना
शुभकामनाएँ प्रेम दिवस की
सदियों तक
जन्मों तक
रहना है अभी प्रेम में तुम्हारे
बताओ न
बताओ न
कैसे एक दिवसीय
हो सकता है अपना प्रेम प्रिये!








