माँ जब भी नाराज़ होती है
क्षण भर को ठिठक जाती है धरा
सैकड़ों प्रकाश वर्ष नीचे खिसक आता सूरज
मुँह छिपाएँ फिरता है
दूर आकाश में दमकता चाँद
सप्तऋषि मंडल के सातों ऋषि
अँजुरी में जल लेकर देते दिखते हैं
अपने समर्पण का प्रमाण
आतुरता के साथ उठाने को
अपने काँधे पर वात्सल्य की पालकी
जब भी नाराज़ होती है माँ
गर्दन घुमाना बिसर जाता है सूरजमुखी
छुई-मुई रह जाती है जस की तस
तमाम कोशिशों के बावजूद
एक तिनका बार-बार गिर जाता
चिड़िया की चोंच से
माँ जब भी नाराज़ होती है
छाँव कर लेती है धूप से गठजोड़
लहूलुहान हो जाती है
कठफोड़वे की सख़्त चोंच
ज़मीन पर पीठ टिकाकर
कछुआ देने लगता है मौत को आमंत्रण
एक तितली मँडराने लगती है बार-बार
माँ के इर्द-गिर्द।








