गिद्धों की चाँदी के दिन

ओम नागरओम नागर20 Sept 1980

1 min read · 12.4K reads

काश! गिद्ध बचे होते उतने

जितना ज़रूरी ही था गिद्धों का बचा रहना

तो यह दिन गिद्धों की चाँदी के दिन होते

होड़ में एक जैसे स्वाद से उकताए

आसानी से बदल सकते जीभ का ज़ायका

कोई शैतान

तहख़ाने में बसा लेता गिद्धों की बस्ती

चुन-चुनकर खाते आँख, नाक, कान

गुलाब की पंखुड़ियों से होंठ

दिल की धड़कन को अनसुना कर

नोच लेते

कलाइयों पर गुदे हरे जोड़ीदार नाम

पहले की तरह

खुले आकाश में नहीं भटकते दीखते गिद्ध

सबके-सब जा बैठे

राजधानियों की मुँडेरों पर

बगुलों का वेश धर

रच रहे अपनी प्रजाति की लुप्तता का व्यामोह।

ओम नागर
About the poet

ओम नागर

View profile & all 51 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like