एक वाक्य
बहुत दिन पहले
जब उम्र समझने वाली हो रही थी
एक चिट पर लिख कर उसने कहा था --
तुम बहुत अच्छे हो !
एक
बहुत बड़े तूफ़ान के गुज़र जाने के बाद
जिससे भीग गया था मेरे कुर्ते का कॉलर
मेरा रूमाल
थोड़ी-सी पृथ्वी
उसने कक्षा में
धीरे से लिखकर बढ़ा दिया था यह वाक्य
पहली बार
पूरे जीवन में
किसी ने लिखकर कहा था
तुम बहुत अच्छे हो !
आज इक्कीस साल बाद
यह एक वाक्य
फिर हाथ लगा
फिर तुम्हारी याद आई
फिर मन तरसा
कोई लिखकर कहे-
तुम बहुत अच्छे हो।








