गठरी में बंधी साड़ियों के अनेक रंग - निशा भोसले

निशा भोसलेनिशा भोसले

5 min read · 12.4K reads

वह औरत
कपड़ों का गठ्ठा लिए
रिक्शे में
घूमती है
शहर के
गली मोहल्ले में
देती है दस्तक
घरों के दरवाज़े पर
मना करने के बावजूद
दिखाती है गठरी खोलकर
साड़ियाँ

कश्मीरी सिल्क, कोसा सिल्क,
बंगाल और साउथ इंडिया की

बैठ जाती है
घर की चौखट पर
बताती रहती है
साड़ियों के बारे में

कभी थक जाती है
धूप में चलकर
कभी उसके कपड़े
गीले हो जाते है पसीने से
कभी उसका गला
सूख जाता है प्यास से

वह फिर भी रुकती नहीं
निकल जाता है/रिक्शावाला
कहीं उससे आगे
वह फिर से तेज़ चलती है
देती है आवाज़
गली मोहल्ले में

शाम को लौटती है घर
थकी हारी
गठरी को लादकर

रात में
जब वह सोती है
झोपड़ी में
मिट्टी के फर्श पर निढाल

उसकी फटी साड़ी में
सिले होते हैं
अनेक साड़ियों के टुकड़े
जिसमें होते हैं
गठरी में बंधी साड़ियों के
अनेक रंग।
निशा भोसले
About the poet

निशा भोसले

View profile & all 3 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like