भाईवाले घरों में बहनें रहती हैं पार्श्व में - निर्मला गर्ग

निर्मला गर्गनिर्मला गर्ग

6 min read · 12.4K reads

   
अहोई अष्टमी है यह कार्तिक की
तारों को पूजकर व्रत तोड़ेंगी माँएँ
ये माँएँ बेटों की हैं

बेटियाँ छू रहीं साक्षात् तारे तो क्या
बेटियाँ बेटियाँ हैं
वंश तो वे नहीं चलातीं
उनके लिए क्यों होगा कोई अनुष्ठान
हाँ, ख़त्म करने के पारंपरिक उपायों में
जुड़ गई हैं नई-नई तकनीकें

देश में प्रधानमंत्री बनी थी एक स्त्री
संयोग से उसके भाई नहीं था
वरना यह अवसर उसे नहीं मिलता
उसकी पौत्री लायक है भाई से ज़्यादा
पर उसे पीछे कर दिया गया

भाईवाले घरों में बहनें रहतीं हैं पार्श्व में
पर्याप्त योग्यता के बावज़ूद
राखी जैसे त्यौहार भी जो बेहद पवित्र माने जाते हैं
ठहराते हैं उन्हें दोयम दर्ज़े का ही
बहनें धागा बाँधेगीं
भाई उनकी रक्षा करेंगे !

भाई को मिलता है उनके हिस्से का भी धन
यदि बहन माँग ले अपना अधिकार
तो सारे संबंध तितिर-बितिर

अर्थ ! अर्थ ही है जीवन का मूलाधार
उसी से चालित है समस्त संसार
प्रेम घृणा सहयोग संबंध
सब उसके आनुषांगिक हैं

                  
रचनाकाल : 2007
निर्मला गर्ग
About the poet

निर्मला गर्ग

View profile & all 41 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like