प्रेम की प्रतिज्ञाएँ अधूरी रहती हैं - नीलोत्पल

नीलोत्पलनीलोत्पल23 Sept 1975

5 min read · 12.4K reads

पूरी रात बारिश गिरती रही
मैं छू नहीं पाया
तुम्हारे छोड़े गए पत्रों में
समुद्री लहरों का तेज बहाव
और दूर तक हिलते मस्तूल

जिनका पीछा मैं जिद्दी पतंगे-सा करता हूँ

कोई मौसम समय का रेहन नहीं
सिर्फ बारिश जानती है समय का उधार

मैं पीछा करता हूँ लकड़ी के
बुझ रहे अंतिम कोयले तलक

कितना असंयमित है
अनेकों बार लहर से गिरना
यह धैर्य तुममें है, तुम जीती हो उन शब्दों को
जो मेरे नहीं

प्रेम की प्रतिज्ञाएँ अधूरी रहती हैं
तुम्हारे शब्द एक रास्ता हैं, गिरती बारिश में
गुम हो जाने का

मैं उन प्रतिज्ञाओं से होकर आता हूँ
उन गुम रास्तों से लौटता हूँ
दूर... गिरती हुई बारिश कितनी अच्छी लगती है

वह कोना भी भीग गया
जहाँ पड़े-पड़े मेरी इच्छाएँ
मृत होने से बच गई हैं

तुम्हारे प्रेम की अंतहीन बारिश
मिट्टी का अंर्तआलाप है
नीलोत्पल
About the poet

नीलोत्पल

View profile & all 38 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like