लिखता हूँ पानी की सतह पर - नीलोत्पल

नीलोत्पलनीलोत्पल23 Sept 1975

5 min read · 12.4K reads

मैं तुम पर क्यों लिखता हूँ
इसकी मेरे पास कोई वजह नहीं

मैं सब वजहें और कारण भूलता हूँ

मैं लिखता हूँ और ग़ुम हो जाता हूँ

मैं छिपता हूँ तुमसे
भागता हूँ
तेज़ी से रास्ते पार करते हुए
गिर पड़ता हूँ

मैं नहीं जानता ऐसा क्यों है
जबकि तुम नहीं होती आसपास

मेरे पास कुछ नहीं है
न शब्द, न उपहार, न आवाज़

मैं अपने गूँगेपन में तुम्हें गाता हूँ
लिखता हूँ पानी की सतह पर
तुम्हारे सपने और उम्मीदें

मैं तुम्हें भेंट करता हूँ
पिघलता ग्लेशियर
मैं तुम्हें बून्द-बून्द टपकते देखता हूँ

उफ! कितनी शान्त आती हो तुम
जैसे एक गाँव सो रहा है
तुम्हारी मुन्दी पलकों के भीतर
तुम्हारी नग्न और बैलोस आँखें
चमकती है जुगनुओं की तरह

मैं तुम पर जो रचता हूँ
वह तुम्हारे लिए नहीं होता

यह बात यहाँ ख़त्म होती है
बाक़ी सब मेरे ध्वस्त अस्तित्व का हिस्सा है
जैसे तुम पर रचा सब कुछ।
नीलोत्पल
About the poet

नीलोत्पल

View profile & all 38 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like