अंतिम कार्यवाही - नीलोत्पल

नीलोत्पलनीलोत्पल23 Sept 1975

4 min read · 12.4K reads

जंगल में हवा बिना बताएं
गुम हो जाती हैं

एक तितली जिसने पंख नहीं झटके
सुबह की प्रतीक्षा में है

कोयले जंगल के गर्भ में
पत्तियों की सांसे हैं
धूप में ठहरी मचलती तितलियां

नदी से थोड़ा नज़दीक
टहनियों के झुरमुट में
गश्त जारी है बया की

कुतरी पत्तियां अधूरी तस्वीर है
रोज डण्ठलों पर ख़ालीपन आवाज़ लगाता है
गिरता सच कितना बेआवाज़ है कि
कुछ दिनों तक जंगल चुपचाप गुज़र जाता है
हमारे घरों से

रात पारदर्शी परदा गिराती है
सभी निमिलित जड़ों पर
देखते-देखते छोटे हिरण अदृश्य होने लगते हैं

पूरी रात कीड़ों का शोर
महादृश्य का विलाप करता है

रात प्रेम के निशान छोड़ जाती है
स्निग्ध रोशनियों पर

धातु और लपटें
जंगल की अंतिम कार्यवाही है
नीलोत्पल
About the poet

नीलोत्पल

View profile & all 38 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like