बनारस-2 - निलय उपाध्याय

निलय उपाध्यायनिलय उपाध्याय28 Sept 1963

5 min read · 12.4K reads

बनारस को बसना था
कोशी और गंगा के संगम के पास
जहां नर्तन में सती के कटि से
गिरा था हार
और बसा कटिहार

इसीलिए आश्रम बना
इसीलिए तप करते रहे थे
महाराज वशिष्ठ
बटेश्वर स्थान में, कहलगाँव के पास

कोशी के स्वभाव पर
भरोसा नही था गंगा को
बिठूर और नैमिशारण्य ने रचा व्यूह
नापी के वक़्त ज़रा आगे सरक गई गंगा
नौ हाथ कम पड गई ज़मीन
और यहाँ आ गई

भरोसा किया अस्सी पर
वरूणा पर भरोसा किया
और बसी
वरूणा और अस्सी के बीच

आपने देखा है
पूछा कभी आपने
कि इस तरह क्यो बिलख रही है
आज अस्सी

आपने सोचा कभी
कि कहाँ गई शान्त कछार वरूणा की

हर अस्सी और हर वरूणा के साथ है गंगा
हर अस्सी से पहले और हर वरूणा के बाद भी है गंगा

वरूणा और अस्सी का गुस्सा,
वरूणा और अस्सी की करूणा के साथ
बनारस में
हर आदमी के भीतर बहती है गंगा
यह मिथको के टूटने का समय है
निलय उपाध्याय
About the poet

निलय उपाध्याय

View profile & all 28 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like