बे-यक़ीनी के फूल - नज़्म

नील अहमदनील अहमद30 Mar 1988

1 min read · 12.4K reads

ख़ामोशी के जौहड़ में

खिलने वाले फूल

सुनसान जंगलों की दहशत

और हलाकत-ख़ेज़ आँधियों के ख़ौफ़ के सबब

जलाल-ओ-जमाल से ख़ाली रह जाते हैं

मौसमों के

गर्म और तल्ख़ लम्स

उन्हें शफ़्फ़ाफ़ और शीरीं नहीं रहने देते

शौक़ और आरज़ू की आग

बेचैन रखती है उन्हें

वो नहीं जानते कि

शिकस्ता और पिघले हुए जज़्बात के समुंदर का

चढ़ाव कब ख़त्म होगा

और उतार कब शुरूअ' होगा

नील अहमद
About the poet

नील अहमद

जन्म : 30 Mar 1988 | कराची, सिंध

View profile & all 28 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like