देखती हूँ, सोचती हूँ - निकिता नैथानी

निकिता नैथानीनिकिता नैथानी

4 min read · 12.4K reads

देखती हूँ, सोचती हूँ
पहले किसको सूली पर चढ़ाऊँ ?
इस अदालत के कटघरे में
पहले किन देवों को लाऊँ ?

एक ये हैं जो
जला देते हैं तुमको प्रेम कहकर
एक वो थे जो
जलाने को परीक्षा कह रहे थे

कल के हत्यारों को तुमने
मान दे भगवान माना
तो आज कैसे दानवों का
नाम उनको दे सकोगे ?

एक ये हैं जो
तुम्हारी अस्मिता को चीरते हैं
एक वो थे जो छल-कपट से
हरते तुम्हारा मान सदियों

कल के दरिन्दों को तुमने
दे क्षमा सम्मान माना
तो आज कैसे नीचता का
नाम उनको दे सकोगे ?

इस तरह तो यह सभ्यता ही
कटघरे में है समाई
कौन दोषी, कौन सच्चा
कैसे किसी को कह सकोगे ?

देखती हूँ, सोचती हूँ
पहले किसको सूली पर चढाऊँ ?
इस अदालत के कटघरे में
पहले किन देवों को लाऊँ ?
निकिता नैथानी
About the poet

निकिता नैथानी

View profile & all 15 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like