रात, डर और सुबह - नेहा नरुका

नेहा नरुकानेहा नरुका

6 min read · 12.4K reads

अक्सर आधी रात को मैं डरावने ख़्वाब देखती हूँ
मैं देखती हूँ मेरी सारी पोशाकें खो गई हैं
और मैं कोने में खड़ी हूँ नंगी
मैं देखती हूँ कई निगाहों के सामने ख़ुद को घुटते हुए

मैं देखती हूँ मेरी गाड़ी छूट रही है
और मैं बेइन्तहा भाग रही हूँ उसके पीछे
मैं देखती हूँ मेरी सारी किताबें फटी पड़ी हैं ज़मीन पर
और उनसे निकलकर उनके लेखक लड़ रहे हैं, चीख़ रहे हैं, तड़प रहे हैं
पर उन्हें कोई देख नहीं पा रहा

मैं देखती हूँ मेरे घर की छत, सीढ़ियाँ और मेरा कमरा ख़ून से लथपथ पड़ा है
मैं घबराकर बाहर आती हूँ
और बाहर भी मुझे आसमान से ख़ून रिसता हुआ दिखता है

अक्सर आधी रात को मुझे डरावने ख़्वाब आते हैं
और मैं सो नहीं पाती
मैं दिन भर ख़ुद को सुनाती हूँ हौसलों के क़िस्से
दिल को ख़ूबसूरती से भर देने वाला मखमली संगीत
पर जैसे-जैसे दिन ढलता है,
ये हौसले पस्त पड़ते जाते हैं

और रात बढ़ते-बढ़ते डर कर लेता है क़ब्ज़ा मेरे पूरे वजूद पर
मैं बस मर ही रही होती हूँ तभी
मेरी खिड़की से रोशनी दस्तक देती है
और मेरा ख़्वाब टूट जाता है—

अक्सर…
नेहा नरुका
About the poet

नेहा नरुका

View profile & all 20 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like