डर - नेहा नरुका

नेहा नरुकानेहा नरुका

6 min read · 12.4K reads

अक्सर आधी रात को मैं डरावने ख़्वाब देखती हूँ
मैं देखती हूँ मेरी सारी पोशाकें खो गई हैं
और मैं कोने में खड़ी हूँ नंगी
मैं देखती हूँ कई निगाहों के सामने खुद को घुटते हुए।

मैं देखती हूँ मेरी गाड़ी छूट रही है
और मैं बेइंतहा भाग रही हूँ उसके पीछेे।
मैं देखती हूँ मेरी सारी किताबें
फटी पड़ी हैं ज़मीन पर
और उनसे निकल कर उनके लेखक
लड़ रहे हैं ,चींख रहे हैं, तड़प रहे हैं
पर उन्हें कोई देख नहीं पा रहा।

मैं देखती हूँ मेरे घर की छत, सीढियां और मेरा कमरा
ख़ून से लथपथ पड़ा है
मैं घबराकर बाहर आती हूँ और बाहर भी मुझे आसमान से ख़ून रिसता हुआ दिखता है
अक्सर आधी रात को मुझे डरावने ख़्वाब आते हैं
और मैं सो नहीं पाती ।

मैं दिनभर खुद को सुनाती हूँ हौसलों के किस्से
दिल को खूबसूरती से भर देने वाला मखमली संगीत
पर जैसे-जैसे दिन ढलता है
ये हौसले पस्त पड़ते जाते हैं
और रात बढ़ते-बढ़ते डर जमा कर लेता है क़ब्ज़ा मेरे पूरे वजूद पर
मैं बस मर ही रही होती हूँ तभी
मेरी खिड़की से रोशनी दस्तक देती है मेरी आँखों में
और मेरा ख़्वाब टूट जाता है
अक्सर...
नेहा नरुका
About the poet

नेहा नरुका

View profile & all 20 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like