इस लिए
आप को भेजा था
वो सादा काग़ज़
इक कोई हर्फ़ मुनासिब सा
मयस्सर ही न था
अजनबी जैसे थे अंदाज़-ए-तख़ातुब सारे
कोई पैकर भी मिरी सोच सा
पैकर ही न था
कितने अलक़ाब थे
मैं लिक्खा किया काटा किया
कितने औराक़ मैं
बे-वज्ह यूँही फाड़ा किया
दिल की ज़िद बरता हुआ लफ़्ज़
न बरता जाए
इक अलग सब से कोई हर्फ़
तराशा जाए
आप पाबंदी-ए-आदाब की शर्तें रक्खें
दिल गिराँबारी-ए-अल्फ़ाज़ से उलझा जाए
सोचते सोचते बस सादा वरक़ भेज दिया
आप ही लिखिए कि क्या आप को लिक्खा जाए
इक शिकस्ता सा
पुराना सा
अधूरा सा ये ख़त
आज पाया तो उधड़ने लगे टाँके दिल के
दिल पे लिक्खे थे जो औराक़
वो सब फाड़ दिए
एक बस सादा वरक़ सैंत के रक्खा मैं ने








