कैसे चुका पाएँगे तुम्हारा ऋण - नरेश अग्रवाल

नरेश अग्रवालनरेश अग्रवाल1 Sept 1960

2 min read · 12.4K reads

रात जिसने दिखाए थे
हमें सुनहरे सपने
किसी अजनबी प्रदेश के
कैसे लौटा पाएँगे
उसकी स्वर्णिम रोशनी

कैसे लौटा पाएँगे
चॉंद-सूरज को उनकी चमक
समय की बीती हुई उम्र
फूलों को ख़ुशबू
झरनों को पानी और
लोगों को उनका प्यार

कैसे लौटा पाएँगे
खेतों को फ़सल
मिट्टी को स्वाद
पौधों को उनके फल

ऐ धरती तू ही बता
कैसे चुका पाएँगे
तेरा इतना सारा ऋण ।
नरेश अग्रवाल
About the poet

नरेश अग्रवाल

View profile & all 27 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like