इन हाथों के बिना - नरेन्द्र पुण्डरीक

नरेन्द्र पुण्डरीकनरेन्द्र पुण्डरीक6 Sept 1954

4 min read · 12.4K reads

यह उन दिनों की बात है
जब माँ चाँद के लिए
झींगोला सिलवाने की बात सोचा करती थी
इन दिनों अक्सर मेरी
निक्कर पीछे से फटी और
बुशर्ट के बटन टूटे रहते थे,

इस मायने में मां से अधिक
मास्टर बाबा की याद आती है
जो हमारे गुरबत के दिनों में
बार-बार मेरी फटी निक्कर सिलते थे
और टाँक देते थे बुशर्ट में बटन,

जब आँखों में आगे का कुछ सुझाई नहीं देता
तब अन्धेरें में लौंकते
दिखाई देते हैं ये चेहरे
अक्षय पात्र की तरह,

जिनकी निस्पृहता कई गुना
बड़ी दिखती है पिता से
पिता की तरह दिखते हैं इनके हाथ
माँ की तरह दिखती हैं इनकी आँखें
इन आँखों और इन हाथों के बिना
अनाथ-सी दिखती है यह दुनिया।
नरेन्द्र पुण्डरीक
About the poet

नरेन्द्र पुण्डरीक

View profile & all 10 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like