घर - नरेन्द्र जैन

नरेन्द्र जैननरेन्द्र जैन2 Sept 1948

5 min read · 12.4K reads

कच्चा घर पीली मिट्टी से पुता हुआ
कमरे और दालान की छत बेहद नीची
खजूर के पुराने दरख़्त की मयालें दीवारों
में पैबस्त
छोटी-छोटी खिड़कियों से थोड़ा बहुत उजाला
नीम अँधेरे में घुल रहा
बाहर ओटले से चार-पांच सीढ़ियाँ छत की
तरफ जाती
सीढ़ियाँ गोबर से पुती हुई और
उन पर चढ़ने से साँस लेने का शब्द
सुनाई देता
सर्दियों की सुबह परिवार छत पर ही
गुज़र-बसर करता
वहाँ पुरानी साड़ी से बंधे पालने में बच्चा सो रहा
चूल्हे पर चढ़ी हण्डिया में भात पक रहा
छत की मुण्डेर पर चढ़ा बच्चा किसी को पुकार रहा
लकड़ी के पुराने तख़त पर बैठा शख़्स
हुक्का गुड़गुड़ा रहा
सुनहरी धूप एक बड़ी नियामत उस घर में
वे मुझे जानते नहीं और मेरा कोई परिचय भी नहीं उनसे
सुबह से दोपहर तक मैं उनके बीच रहा
जो सत्कार किया जा सकता था वह सब मुझे मिला
जब मैं सीढ़ियाँ उतर रहा था किसी ने कहा
कभी-कभी ऐसे ही आ जाया करो ।
नरेन्द्र जैन
About the poet

नरेन्द्र जैन

View profile & all 34 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like