आटा - नरेन्द्र जैन

नरेन्द्र जैननरेन्द्र जैन2 Sept 1948

4 min read · 12.4K reads

चक्की से लगातार गिर रहा था आटा
गर्म आटा, जिसकी रंगत गेहूँ जैसी थी
मेरे हाथ पैर
वस्त्रों और भौहों पर चढ़ चुकी थी
आटे की एक परत
कई-कई तरह की रोटियाँ
टिक्कड़, तंदूरी और रूमाली रोटियाँ
सुलगते तंदूर की दीवारों पर
चिपकी थीं रोटियाँ

और
आटा लगातार कम हो रहा था
कनस्तर लगातार खाली हो रहे थे
दुनिया की आधी आबादी
पीट रही थी खाली कनस्तर

अन्न ही अन्न था चारों तरफ़
और बावजूद अन्न के भुखमरी थी
किसी के पास
आटा था एक वक़्त का
किसी के पास दो वक़्त का

चक्की दिन-रात चलती ही रहती थी
बालियों से निकले दाने लगातार गिरते ही रहते थे
आटे की गंध से तेज़ थी भूख की गंध

गेहूँ से आटा बनता है
और आटे से रोटी
ये जानते नहीं थे मासूम बच्चे
हर मंगलवार की सुबह
क़स्बे का नगरसेठ आता था
और बाँटता था अपने हाथों से
भूखों को खिचड़ी
नरेन्द्र जैन
About the poet

नरेन्द्र जैन

View profile & all 34 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like