उस संग-दिल के दिल में मोहब्बत ने घर किया
मुद्दत के बाद आह ने अपनी असर किया
तेग़-ए-निगह के सामने सीना सिपर किया
कब हम ने अपनी जान का ख़ौफ़-ओ-ख़तर किया
साबित करो ख़ता मिरी फिर अपना मुँह छुपाओ
किस रात को नज़ारा-ए-रू-ए-क़मर किया
सय्याद का ये ज़ुल्म न भूलूँगा उम्र भर
फ़स्ल-ए-बहार आते ही बे-बाल-ओ-पर किया
लो अपने घर वो सुब्ह से पहले ही जाते हैं
अंधेर क्या ये नाला-ए-मुर्ग़-ए-सहर किया
चौंके सदा-ए-सूर-ए-सराफ़ील से न हम
साक़ी तिरी निगाह ने ये बे-ख़बर किया
काटूँगा इस अदा पे गिला अपने हाथ से
क़ातिल ने आज नीमचा ज़ेब-ए-कमर किया
रुख़्सत का नाम सुनते ही बस दम निकल गया
जाने से उन के पहले ही हम ने सफ़र किया
क्या क्या किया न आप की उल्फ़त ने मेरे साथ
रुस्वा किया ख़राब किया दर-ब-दर किया
'वहबी' फिर उन के वस्ल को तरसोगे उम्र भर
नाला शब-ए-फ़िराक़ में तुम ने अगर किया








