ये सच है हर जगह तुम जल्वा-गर हो
वो देखे जिस की आँखें हों नज़र हो
अदावत में अदावत की हो तासीर
मोहब्बत में मोहब्बत का असर हो
मज़ा जब है कि हमदम रंग लाए
लहू दिल का हो या ख़ून-ए-जिगर हो
वो अर्ज़-ए-वस्ल पर उस बुत का कहना
ख़ुदा का वास्ता क्यों मेरे सर हो
वो चाहे उन बुतान-ए-संग-दिल को
इलाही जिस का पत्थर का जिगर हो
नहीं दिन-सिन तुम्हारे वो कि 'महमूद'
तुम्हारी उम्र ग़फ़लत में बसर हो








