आधे-अधूरे ख़्वाब रखें हैं आँखों की अलमारी में
जिन को हम भी भूल गए थे शायद दुनिया-दारी में
माना हर इक शय रूठी है सब ने हाथ छुड़ाए हैं
ये भी नहीं कम आप मयस्सर हैं ऐसी दुश्वारी में
जिन को भरते भरते ही मैं ने इक उम्र गँवा दी है
मुझ को मोहब्बत में वो ज़ख़्म मिले थे पहली बारी में
उस की दीद को झुकती पलकें इस अंदाज़ से उठती हैं
जैसे दो नाज़ुक कलियाँ हों खिलने की तय्यारी में
उस को दवा से भी पहले शायद उम्मीद की हाजत है
जो भीतर से टूट चुका है इक लम्बी बीमारी में








