क़ब्रगाह में रोने की जगह

लीलाधर मंडलोईलीलाधर मंडलोई

1 min read · 12.4K reads

उनके पतियों, जवान बेटों, नातेदारों और

पड़ोसियों की हत्याएँ हुईं खुलेआम

घरों के उजड़ने का सिलसिला थमा नहीं

न ही आँसुओं का सैलाब

कर्फ़्यू सिर्फ़ हत्या के इलाक़े पर नहीं

वह पशु-पक्षियों को ले चुका है अपनी ज़द में

कोई और रास्ता शेष नहीं रहा तो

औरतों ने उतार फेंकी मातमी पोशाकें

क़ब्रगाह में रोने की जगह

अब वे युद्ध के मैदानों में हैं

उनके हाथों में हथियार चमकते रहते हैं

मातम को छोड़कर अब जवाँ मर्दों की तरह

वे आज़ादी के सिर्फ़ स्वप्न देखती हैं रात-दिन।

लीलाधर मंडलोई
About the poet

लीलाधर मंडलोई

View profile & all 31 Poems / Stories