ई कामवा के करी - कुमार वीरेन्द्र

कुमार वीरेन्द्रकुमार वीरेन्द्र15 Sept 1976

5 min read · 12.4K reads

मेरी आजी
आज तक भोट देने नहीं गई, उसे
कोई रुचि नहीं चुनाव में, नेता और सरकार में, कहने पर भी
कि एगो भोटवा कतना काम के..., तब भी नहीं गई, कबहुँ
नहीं गई आजी, हालाँकि उसके बेटे, बहुएँ, पोते
पतोहू जाते रहे हैं, जिसे वह
शुरू से ही

निठल्लों का काम समझती रही है

जब समझदार हुआ
तब यही लगा, आजी पुराने ज़माने की है,
पढ़ी-लिखी भी नहीं, उसे का मालूम, का चुनाव का भोट, वैसे है तनिक ज़िद्दी भी,
बताना चाहो तो सुनती नहीं, पर जब समझदार नहीं, था छोटा बच्चा
पूछा था, आजी, तू भोट देने काहे नाहीं जाती ?,
तब आजी ने
जो बात कही थी, क्या ख़ूब कही थी, और
इतनी जल्दी, और इतनी

आसानी से कह दी थी, लगा था

जैसे उसके लिए
ई भी भला कोई सवाल है, आजी ने
कहा था, अगर मैं भोट देने जाऊँ, तो, ई जो गोबर उठाना है
ई जो गोइँठा लाना है, ई जो झाड़ू लगानी है, ई जो जाँता से
सतुआ पीसना है, ई जो लेदरा सीना है, ई जो
बुलाहटा पुराना हैै, ई सब कामवा
के करी, ई सब

तोहार इनरा गाँधी...?
कुमार वीरेन्द्र
About the poet

कुमार वीरेन्द्र

View profile & all 71 Poems / Stories