अरे पापा - कुमार वीरेन्द्र

कुमार वीरेन्द्रकुमार वीरेन्द्र15 Sept 1976

6 min read · 12.4K reads

आजकल बेटा
बहुत बउराहापनी करने लगा है, बहुत
मतलब बहुत, बहुत; अक्सर मुझसे लगा रहता है, मैं जब पत्नी को आवाज़ देता हूँ, सुनो बेबी
वह पुकारता है, सुनो बेबी; कहता हूँ, वह तेरी मम्मी है, नाम लेता है, बउराह है का?, वह भी
कहता है, वह तुम्हारी पत्नी है, नाम लेते हो, एकदमे बउराह हो का?; अरे बाबा
तेरा ई मुँह बन्द क्यों नहीं रहता, अरे बाबा, तुम्हारा ई मुँह बन्द क्यों
नहीं रहता, देखो बउआ, बता देता हूँ, सुन लो, मैं कभी
बात नहीं करूँगा, देखो पापा, मैं भी बिल्कुल
बात नहीं करूँगा, बिल्कुल सुन
लो; तू बिना दिमाग़
का है
मालूम है तुझे
तुम बिन दिमाग के हो, मालूम है तुम्हें

तू पागल है, पगला देगा, भाई; तेरी मेरी बातचीत बन्द, तुम पागल हो, पागल कर दोगे, भाई
तुम्हारी मेरी बातचीत बन्द; और मैं एकदम चुप हो, रूठा-सा, मुँह लटकाए, एक कोन पकड़
माटी का माधो बन बैठ जाता हूँ, वह भी हू-ब-हू ऐसा ही करता है, कुछ क्षण दोनों
बने रहते हैं, एक-दूसरे के मुखापेक्षी; फिर गँवे वह आता है, मेरी पीठ
पर झूल जाता है, और मनाने लगता है, अरे यार, पापा
आप भी न गजब ही करते हो, छोटे-छोटे
बच्चों की तरह छोटी-छोटी
बात पर, कितना

बड़ा-बड़ा गुस्सा करते हो !
कुमार वीरेन्द्र
About the poet

कुमार वीरेन्द्र

View profile & all 71 Poems / Stories