शांत जंगल है - कुमार रवींद्र

कुमार रवींद्रकुमार रवींद्र10 Sept 1940 – 1 Sept 2019

3 min read · 12.4K reads

राह सूनी
शांत जंगल है
हवा भी चुप खड़ी है

मौन है आकाश
झरने धुंध की चादर लपेटे
झील पर सुख से बिरछ
परछाइयों को लिए लेटे

पास के
बाजार में भी
नहीं कोई हड़बड़ी है

सो रहे हैं बर्फ के नीचे
अभी मधुमास के दिन
मुँह-ढँके छिपकर कहीं
बैठी अकेली धूप कमसिन

इधर पिछली
रात की
बीमार परछाईं पड़ी है

जप रहा है रोशनी के मंत्र
पर्वत का शिखर वह
सूर्यरथ का बावरा घोड़ा
सिहरता उधर रह-रह

पास के इस
पेड़ की भी
आखिरी पत्ती झड़ी है
कुमार रवींद्र
About the poet

कुमार रवींद्र

View profile & all 115 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like