रात-भर हम - कुमार रवींद्र

कुमार रवींद्रकुमार रवींद्र10 Sept 1940 – 1 Sept 2019

3 min read · 12.4K reads

रात-भर हम
रहे सूरज के भरोसे
सुबह तो वह आयेगा ही

पर सुबह ने ठगी की
वह धुंध ओढ़े हुए आई
बावरे आकाश ने भी
बर्फ की चादर बिछाई

और हम
बैठे रहे इस बात में ही
धूप का देवा कभी मुस्काएगा ही

ओस की बूँदें जमी हैं
पत्तियों पर
घास पर भी
रहा गुमसुम-मौन जंगल

और सूना देवघर भी
सोचते हम -
गाँव का बूढ़ा भिखारी

अभी कबिरा का भजन तो गाएगा ही
घोसले में दुबककर
बैठा हुआ है सगुनपाखी
नदी भी थिर दे रही

अंधे समय की मूक साखी
याद आई
दुआ हमको पूर्वजों की
कभी तो यह समय भी कट जाएगा ही
कुमार रवींद्र
About the poet

कुमार रवींद्र

View profile & all 115 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like