सुनो अब यूँ ही चलने दो, न कोई शर्त बांधो - कुँअर बेचैन

कुँअर बेचैनकुँअर बेचैन1 Sept 1942 – 29 Sept 2021

4 min read · 12.4K reads

सुनो अब यूँ ही चलने दो, न कोई शर्त बांधो,
मुझे गिर कर संभलने दो, न कोई शर्त बांधो

पतंगें तो उडेंगी ही, वो पुरवा हो कि पछवा,
हवा को रुख़ बदलने दो, न कोई शर्त बांधो

सुबह को क्या पता पूजाघरों के काम आए,
दिया जलता है जलने दो, न कोई शर्त बांधो

नदी बनकर के बहती है शिखर की बर्फ है ये,
इसे यूँ ही पिघलने दो, न कोई शर्त बांधो

ये सपने हैं इन्हें ही देखकर आगे बढोगे,
इन्हें आँखों में पलने दो, न कोई शर्त बांधो

ये घर के फूल ही महकायेंगे सारे जहाँ को,
इन्हें बाहर निकलने दो, न कोई शर्त बांधो

है जब तक चांदनी की मय, ये चंदा की सुराही,
कुँअर ये जाम ढलने दो, न कोई शर्त बांधो
कुँअर बेचैन
About the poet

कुँअर बेचैन

View profile & all 133 Poems / Stories