गगन में जब अपना सितारा न देखा - कुँअर बेचैन

कुँअर बेचैनकुँअर बेचैन1 Sept 1942 – 29 Sept 2021

3 min read · 12.4K reads

गगन में जब अपना सितारा न देखा,
तो जीने का कोई सहारा न देखा

नज़र है, मगर वो नज़र क्या कि जिसने,
खुद अपनी नज़र का नज़ारा न देखा

भले वो डुबाए, उबारे कि हमने,
भंवर देख ली तो किनारा न देखा

वो बस नाम का आईना है की जिसने,
कभी हुस्न को खुद संवारा न देखा

तुम्हे जब से देखा, तुम्हे देखते हैं,
कभी मुड़ के खुद को दुबारा न देखा

सभी नफरतों की दवा है मुहब्बत,
कि इससे अलग कोई चारा न देखा

मैं बादल में रोया, हँसा बिजलियों में,
किसी ने ये मेरा इशारा ने देखा

कुँअर हम उसी के हुए जा रहे हैं,
जिसे हमने अब तक पुकारा न देखा
कुँअर बेचैन
About the poet

कुँअर बेचैन

View profile & all 133 Poems / Stories