रोज़नामचा - कुमार अनुपम

कुमार अनुपमकुमार अनुपम7 Sept 1979

3 min read · 12.4K reads

सुबह काम पर निकलता हूँ
और समूचा निकलता हूँ

काम पर जाते-जाते हुए
पाँव होता हूँ या हड़बड़ी
धक्के होता हूँ या उसाँस

काम करते-करते हुए
हाथ होता हूँ या दिमाग़
आँख होता हूँ या शर्मिन्दा
चारण होता हूँ या कोफ़्त
उफ़्फ़ होता हूँ या आह

काम से लौटते-लौटते हुए
नाख़ून होता हूँ या थकान
बाल होता हूँ या फ़ेहरिस्त

शाम काम से लौटता हूँ समूचा
(उम्मीद की आँखें टटोलती हैं मुझे मेरे भीतर)
हड्डियों और नसों और शिराओं में रात
कलपती रहती है सुबह के लिए।
कुमार अनुपम
About the poet

कुमार अनुपम

View profile & all 104 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like