पिता - कुमार अनुपम

कुमार अनुपमकुमार अनुपम7 Sept 1979

5 min read · 12.4K reads

पिता का केवल चेहरा था हँसमुख
लेकिन पिता को खुलकर हँसते हुए
देखा नहीं किसी ने कभी
 
नींव की ईंट की तरह
भार साधे पूरे घर का अपने ऊपर
अडिग खड़े रहे पिता
 
आए अपार भूकंप
चक्रवात अनगिन
गगन से गाज की तरह गिरती रहीं विपदाओं
में झुका नहीं पिता का ललाट
 
कभी बहन की फीस कम पड़ी
तो पिता ने शेव करवाना बंद रखा पूरे दो माह
कई बार तो मेरी मटरगश्तियों के लिए भी
पिता ने रख दिए मेरी जेब में कुछ रुपए
जो बाद में पता लगा
कि लिए थे उन्होंने किसी से उधार
 
पिता कम बोलते थे या कहें
कि लगभग नहीं बोलते थे
आज सोचता हूँ
उनके भीतर
कितना मचा रहता था घमासान
जिससे जूझते हुए
खर्च हो रही थी उनके दिल की हर धड़कन
 
माँ को देखा है हमने कई बार
पिता की छाती पर सिर धरे उसे अनकते हुए
 
माँ की उदास साँसों में
पिता की अतृप्त इच्छाओं का ज्वार
सिर पटकता कराहता था बेआवाज
 
यह एक सहमत रहस्य था दोनों का
जिसे जाना मैंने
पिता बनने के बाद
कुमार अनुपम
About the poet

कुमार अनुपम

View profile & all 104 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like