हमारी कहानियाँ - कुमार अनुपम

कुमार अनुपमकुमार अनुपम7 Sept 1979

7 min read · 12.4K reads

हम बच्चे थे सिर्फ
नाम भले हों अलग अलग
जैसे हर नदी
होती है फकत नदी
 
हम बच्चे थे
किंतु लोग तो यहाँ तक कहते थे
कि हमारे हिरन के पाँव हैं
 
बचपन में टहलते हुए
हम लौटते थे थकान के साथ साथ
हमारी थकान की शरमीली सहेली थी एक
जब हम आँखें मूँद लेते
चुप्पे चुप्पे आती थी वो
फिर तो
हम घर-घरौंदा खेलते
पापा-ममी खेलते
आइस-पाइस खेलते
और खिलखिलाते रहते
 
हम बच्चे थे
और हमारी कहानियाँ थीं
 
हमारी कहानियों में
पहाड़ों से उतरी हुई नदियों का
कुतूहल था
नदियों के कुतूहल वाली हमारी कहानियों में
था कई उपकहानियों का सुराग
जो चिकनी कौड़ियों
सतरंगी सीपियों और
मोरपंखियों-सा दिलफरेब था
हमारी कहानियों में कितने ही
आमों का रस था महुओं की चटख महक थी
गुलेल की कंकड़ी से भी तेज
दौड़ थी
दादी रैफुल की बकरी
के कच्चे दूध की गुनगुनाहट थी
पहाड़ों को ढोती हुई
उठक बैठक थी हमारी कहानियों में
 
हमारी कहानियों में महानायक थे हम
और खलनायक भी
 
हम बच्चे थे
और हमारी कहानियाँ थीं
 
हमारी कहानियाँ घटनाओं की तरह
रहती हैं अब भी
इसी समय
इसी कालखंड के इसी शहर में
जो गाहेबगाहे
मिल जाती हैं परिचित चेहरों की तरह
किंतु जब तक आए आए याद
सोख लेता है उन्हें
शहर का तमाम धुआँ और शोर और रफ्तार
कुमार अनुपम
About the poet

कुमार अनुपम

View profile & all 104 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like